उत्तराखण्डः नाबालिग से दरिंदगी का घिनौना खेल? सगी मां व सौतेले पिता की करतूत से उड़े पुलिस के होश! पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
रुड़की। धर्मनगरी और शिक्षा नगरी के रूप में पहचाने जाने वाले रुड़की शहर से मानवता और रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की ने अपनी ही सगी मां और सौतेले पिता पर जबरन अनैतिक गतिविधियों में धकेलने और होटलों में ले जाकर दुष्कर्म कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर रुड़की कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि जब वह महज सात वर्ष की थी, तब उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति से दूसरा विवाह कर लिया। करीब छह साल पहले मां और सौतेला पिता उसे लेकर रुड़की आ गए। पीड़िता का आरोप है कि रुड़की आने के बाद दोनों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया और वे उसके साथ आए दिन मारपीट करने लगे। नाबालिग के अनुसार, दोनों ने उसे जबरन गलत धंधे में धकेल दिया। आरोप है कि उसे कलियर, पुरकाजी, भगवानपुर और रुड़की के विभिन्न होटलों में ले जाया गया, जहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म कराया गया। जब वह इसका विरोध करती थी, तो उसे कमरे में बंद कर भूखा-प्यासा रखा जाता था और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सक्रिय हो गई है। इस संबंध में सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि नाबालिग की तहरीर प्राप्त हो गई है। आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।