• Home
  • News
  • Uttarakhand: A performance at a student union ceremony sparked a heated debate. An apology was issued, and the police are investigating.

उत्तराखण्डः छात्र संघ समारोह में प्रस्तुति के दौरान बिगड़ा माहौल! माफी मांगकर दी सफाई, पुलिस जांच में जुटी

editor
  • Awaaz Desk
  • April 12, 2026 11:04 AM
Uttarakhand: A performance at a student union ceremony sparked a heated debate. An apology was issued, and the police are investigating.

देहरादून। राजधानी देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह समारोह उस वक्त विवादों में घिर गया, जब हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ने मंच से गाली-गलौज शुरू कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए गायक को नोटिस जारी किया है। शनिवार 11 अप्रैल को कॉलेज में छात्र संघ सप्ताह के समापन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और अजय हुड्डा प्रस्तुति देने पहुंचे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे। हालांकि उनके जाने के बाद कार्यक्रम का माहौल अचानक बदल गया, जब मासूम शर्मा ने मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। मंच से गाली-गलौज के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी, कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राएं असहज हो गए। बताया जा रहा है कि खानपुर विधायक उमेश शर्मा ने भी गायक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके और कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग जारी रखा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गायक मासूम शर्मा ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कार्यक्रम से एक दिन पहले वह और उनकी टीम एक होटल में ठहरे थे, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति के चलते वे तनाव में थे। उनके अनुसार अमेरिका से रिश्तेदार का फोन आने के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई, जिससे मानसिक दबाव में यह घटना हुई। इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा के प्रयोग की शिकायत पुलिस के संज्ञान में आई है। डालनवाला पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और गायक को नोटिस भेजा गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं गायक
गौरतलब है कि मासूम शर्मा का विवादों से पुराना नाता रहा है। वर्ष 2024 में एक महिला ने उन पर मारपीट और छेड़खानी के आरोप लगाए थे। वहीं 2025 में हरियाणा सरकार ने उनके कुछ गानों को गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में यूट्यूब से हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद फरवरी 2026 में जींद में एक लाइव शो के दौरान भी उनके द्वारा अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था।


संबंधित आलेख: