• Home
  • News
  • Uttarakhand: A resident of Naukuchiatal was cyber-swindled out of 68 lakh rupees! A woman posed as a woman on Facebook and stole his entire life's savings.

उत्तराखण्डः नौकुचियाताल निवासी व्यक्ति से 68 लाख की साइबर ठगी! फेसबुक पर महिला बनकर रची साजिश, जीवनभर की कमाई हड़पी

  • Awaaz Desk
  • March 03, 2026 07:03 AM
Uttarakhand: A resident of Naukuchiatal was cyber-swindled out of 68 lakh rupees! A woman posed as a woman on Facebook and stole his entire life's savings.

रुद्रपुर/नैनीताल। भीमताल क्षेत्र के नौकुचियाताल निवासी एक व्यक्ति से ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 68 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फेसबुक और टेलीग्राम के माध्यम से खुद को मार्केटिंग और फॉरेक्स ट्रेडिंग कंपनी की सलाहकार बताकर निवेश के लिए प्रेरित किया। रकम ट्रांसफर करने के बाद जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो उससे अलग-अलग शुल्क के नाम पर और धन की मांग की गई। मामले में रुद्रपुर साइबर सेल ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित द्वारा पुलिस को सौंपी गई तहरीर के अनुसार अक्टूबर 2025 में फेसबुक के माध्यम से उसकी बातचीत रिचा सचदेवा नामक एक महिला से हुई। महिला ने स्वयं को मार्केटिंग और फॉरेक्स ट्रेडिंग से जुड़ी हैनटेक मार्केटिंग कंपनी की सलाहकार बताया। उसने दावा किया कि उसकी कंपनी के माध्यम से निवेश करने पर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। आरोपी महिला ने पीड़ित को टेलीग्राम आईडी के जरिए संपर्क में रखा और एक कथित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया। उसने एच हैनटेक मार्केट सीएस कंपनी का लोगो उपयोग कर विश्वास दिलाया कि निवेश पूरी तरह सुरक्षित है। महिला के झांसे में आकर पीड़ित ने 23 अक्टूबर 2025 से 13 फरवरी 2026 के बीच कुल 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 68,04,800 रुपये बताए गए तीन बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब पीड़ित ने अपने निवेश की रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपी की ओर से टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, एक्सचेंज चार्ज और मार्जिन मनी के नाम पर अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई। लगातार पैसे की मांग और रकम वापस न मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस में तहरीर देकर फेसबुक और व्हाट्सएप पर फर्जी कंपनी का लोगो इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 


संबंधित आलेख: