• Home
  • News
  • Uttarakhand: A tiger trapped in a cage in Bhimtal was tranquilized and sent to the Ranibagh Rescue Center, and villagers breathed a sigh of relief.

उत्तराखण्डः भीमताल में पिंजरे में कैद हुआ बाघ! ट्रेंकुलाइज कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

editor
  • Awaaz Desk
  • April 07, 2026 01:04 PM
Uttarakhand: A tiger trapped in a cage in Bhimtal was tranquilized and sent to the Ranibagh Rescue Center, and villagers breathed a sigh of relief.

नैनीताल। नैनीताल के भीमताल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से दहशत का कारण बना बाघ आखिरकार वन विभाग के कब्जे में आ गया है। नैनीताल जिले के जंतवाल गांव में लगाए गए पिंजरे में बाघ के फंसने के बाद वन विभाग की टीम ने उसे सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को सूर्याजाला गांव में बाघ ने एक महिला पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया था। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था। ग्रामीण अपने घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे थे, क्योंकि बाघ लगातार गांव के आसपास मंडरा रहा था। घटना के बाद वन विभाग ने तत्काल एक्शन लेते हुए क्षेत्र में पिंजरे लगाए और निगरानी बढ़ा दी थी। सोमवार रात वन विभाग की टीम और विशेषज्ञ डॉक्टरों ने संयुक्त अभियान चलाया। जैसे ही बाघ पिंजरे में फंसा, टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज किया और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। बाद में बाघ को सुरक्षित रूप से रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया, जहां उसकी निगरानी और उपचार किया जाएगा। बाघ के पिंजरे में कैद होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी सतर्कता बरती जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि वे जंगल या सुनसान इलाकों में अकेले जाने से बचें।


संबंधित आलेख: