उत्तराखण्डः केजरीवाल को जमानत मिलने से आप कार्यकर्ता गदगद! रुद्रपुर में मना जश्न, बताया सत्य की जीत
रुद्रपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं। केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने 21 दिनों के लिए अंतरिम जमानत दी है। इस खुशी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जगह-जगह मिठाई बांटकर खुशी मना रहे हैं। रुद्रपुर के डीडी चौक पर भी आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। बता दें कि केजरीवाल एक जून तक जेल से बाहर रहेंगे। उन्हें 2 जून को सरेंडर करना होगा। प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि देश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज है और अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने से पार्टी के चुनाव कैंपेन को धार मिलेगी। उन्होने कहा कि कोर्ट के फ़ैसले से सत्य की जीत हुई है। कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा जनता का शोषण और आम नागरिक की आवाज को दबाने का काम करती , लेकिन सुप्रीम कोर्ट आम आदमी की आवाज को सुनकर उसको राहत पहुंचाने का काम करता है।