• Home
  • News
  • Uttarakhand: Absconding accused in Gadarpur cow slaughter case nabbed in police encounter! Sustained a gunshot wound to the leg during retaliatory fire.

उत्तराखण्डः गदरपुर गौकशी प्रकरण का फरार आरोपी पुलिस एनकाउंटर में दबोचा गया! जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

editor
  • Awaaz Desk
  • July 04, 2026 08:07 AM
Uttarakhand: Absconding accused in Gadarpur cow slaughter case nabbed in police encounter! Sustained a gunshot wound to the leg during retaliatory fire.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में करीब एक माह पहले सामने आए चर्चित गौकशी प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घिरने पर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले बाजपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी का हालचाल जानने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अस्पताल में आरोपी एसएसपी के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता हुआ भी दिखाई दिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उससे पूछताछ भी की।

करीब एक माह पहले हुआ था गौकशी का मामला
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व गदरपुर क्षेत्र में गौकशी की एक गंभीर घटना सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान रेंज स्तर की गौवंश स्क्वाड टीम और स्थानीय पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब आरोपियों को पकड़ने पहुंची, तब आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी थी। उस समय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे थे। तभी से पुलिस और एसओजी की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं।

सूचना मिलते ही एसओजी ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक एसओजी टीम को सूचना मिली कि गौकशी प्रकरण में वांछित आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से चार राउंड फायर किए। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मुठभेड़ के बाद आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से लगभग 17 किलो प्रतिबंधित मांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपी की पहचान मोईन के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह पहले किन.किन मामलों में शामिल रहा है और उसके अन्य आपराधिक गिरोहों से संबंध हैं या नहीं। साथ ही गदरपुर गौकशी प्रकरण में अब भी फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


संबंधित आलेख: