• Home
  • News
  • Uttarakhand: ABVP Dominates Mussoorie MPG College! Wins Posts of President, General Secretary, and University Representative.

उत्तराखण्डः मसूरी एमपीजी कॉलेज में एबीवीपी का दबदबा! अध्यक्ष और महासचिव समेत विवि प्रतिनिधि पद पर जीत

editor
  • Awaaz Desk
  • September 29, 2026 12:09 PM
Uttarakhand: ABVP Dominates Mussoorie MPG College! Wins Posts of President, General Secretary, and University Representative.

मसूरी। एमपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जीत दर्ज की। मंगलवार को हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के वेदांत थापली ने 185 मत हासिल कर जीत दर्ज की। एनएसयूआई के विकास सिंह को 48 और मसूरी छात्र संगठन के मनन शाही को 36 मत मिले। महासचिव पद पर भी एबीवीपी के आशुतोष जोशी विजयी रहे। उन्हें 160 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रत्याशी अंकित रौछैला को 70 और प्रियंशु कंडारी को 42 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी की करिश्मा डुमोगा ने 212 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि संध्या को 54 मत मिले। इस तरह तीनों प्रमुख पदों पर एबीवीपी के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। चुनाव प्रक्रिया में उपाध्यक्ष पद पर गौरव सिंह गुसाईं, सहसचिव पद पर ईशा और कोषाध्यक्ष पद पर सलोनी समेत अन्य पदाधिकारी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। इन पदों पर एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कॉलेज के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के प्रांतीयकरण के प्रयास के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रोजगारपरक विषय और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए काम करने की बात भी कही गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी और कॉलेज की मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया जाएगा। मतगणना और परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील पवार और चुनाव अधिकारी डॉ. अमिताभ भट्ट ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर कॉलेज प्रशासन ने राहत की सांस ली। छात्रसंघ चुनाव को लेकर सुबह से ही कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों और समर्थकों में उत्साह बना हुआ था। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने खुशी जताई। वहीं अब नवनिर्वाचित छात्रसंघ के सामने विद्यार्थियों से किए गए वादों को धरातल पर उतारने की चुनौती रहेगी।


संबंधित आलेख: