उत्तराखण्डः एबीवीपी ने छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी रजवार के नेतृत्व में किया कीटनाशक का छिड़काव! हल्दूचौड़ क्षेत्र में लोगों को किया जागरूक
हल्दूचौड़। प्रदेश में इन दिनों डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। डेंगू के साथ-साथ मलेरिया व चिकनगुनिया जैसे रोगों का भय भी बना हुआ है, जिसके चलते शासन-प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। स्वास्थ्य और प्रशासनिक महकमें से जुड़े अधिकारी लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं और क्षेत्र में सफाई रखने और गंदे पानी को एकत्र न करने की अपील की जा रही है। ऐसे में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी किया जा रहा है।

इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय की इकाई ने छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी कार्तिक चंद्र रजवार के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया गया। कार्तिक चंद्र रजवार ने कहा कि प्रदेश में लगातार डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है और मच्छरों के चलते लोगों को गंभीर बीमारियों से जूझना पड़ रहा है।

कहा कि इन रोगों के निवारण के लिए हम सभी को जागरूक होना चाहिए। कहा कि एबीवीपी की एलबीएस इकाई ने प्राचार्य को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है। इस अवसर पर कॉलेज अध्यक्ष एबीवीपी शुभम कोठारी, छात्र संघ उपाध्यक्ष भगत सिंह, छात्रा उपाध्यक्ष पल्लवी बोरा, नेहा बोरा, कमल शर्मा, नीरज पांडे, गौरव सिंह दानू, गोविंद यादव आदि मौजूद रहे।