• Home
  • News
  • Uttarakhand: Administration alert after High Court's rebuke! Community Health Center Haldchaid finally started, MLAs and social workers clashed on the stage itself.

Uttarakhand: हाईकोर्ट की फटकार के बाद चेता शासन-प्रशासन! आखिरकार शुरू हुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हल्दूचौड़, मंच पर ही भिड़े विधायक और समाजसेवी

editor
  • Awaaz Desk
  • February 26, 2024 06:02 AM
Uttarakhand: Administration alert after High Court's rebuke! Community Health Center Haldchaid finally started, MLAs and social workers clashed on the stage itself.

लालकुआं। हाईकोर्ट की फटकार के बाद 30 बैड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ का आज शुभारंभ हो गया। इस दौरान विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल और सीएमओ डॉ. श्वेता भंडारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। गौरतलब है कि 30 बैड के अस्पताल की नींव 2014 में कांग्रेस शासनकाल में रखी गई थी जिसका निर्माण कार्य अक्टूबर 2022 में पूरा हुआ, लेकिन शासन-प्रशासन की लापरवाही से अस्पताल सफेद हाथी बनकर रह गया था। 9 साल बाद क्षेत्र के समाजसेवी गोविन्द बल्लभ भट्ट ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अस्पताल खोले जाने का आग्रह किया। जिसके बाद हाईकोर्ट की फटकार के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले की कई विकास योजनाओं के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ का लोकार्पण कर दिया।

हाईकोर्ट के सख्त रूख के बाद शासन द्वारा यहां पर चिकित्सकों के पांच पदों के अलावा दो फार्मासिस्ट, दो लिपिक, एक लैब टेक्नीशियन, पांच स्टाफ नर्स, एक पर्यावरण मित्र की नियुक्ति करने बाद आज 30 बैड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ हुआ। भव्य समारोह के बीच मंच पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल ने समाजसेवी गोविन्द बल्लभ भट्ट का विशेष रूप से आभार प्रकट करते हुए मंच पर सम्मानित करने बुला लिया जिसके बाद मंच पर ही विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और समाजसेवी गोविन्द बल्लभ भट्ट के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विधायक ने समाजसेवी पर हाईकोर्ट जाकर सरकार की छवि धूमिल करने व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के खुलने की देरी होने का जिम्मेदार ठहराया तो वहीं समाजसेवी ने भी हाईकोर्ट की फटकार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुलने व कोर्ट ऑफ कंडम का हवाला देते हुए मंच से ही अस्पताल खुलने में हुई देरी का जिम्मेदार शासन व प्रशासन को ठहराया। क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के समझाने पर विधायक तथा समाजसेवी शांत हुए।


संबंधित आलेख: