• Home
  • News
  • Uttarakhand: Aircraft returning from Badrinath Dham goes missing! Search underway amidst heavy rain; six people were on board.

उत्तराखण्डः बदरीनाथ धाम से लौट रहा विमान लापता! भारी बारिश के बीच तलाश जारी, छह लोग थे सवार

editor
  • Awaaz Desk
  • October 30, 2026 10:10 AM
Uttarakhand: Aircraft returning from Badrinath Dham goes missing! Search underway amidst heavy rain; six people were on board.

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम से उड़ान भरने के बाद एक निजी एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना है। सूचना मिलते ही शासन, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), जिला प्रशासन और पुलिस.एसडीआरएफ की टीमें तुरंत सक्रिय हो गई हैं और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का बताया जा रहा है। विमान बदरीनाथ से रवाना होकर गंतव्य की ओर बढ़ रहा था, तभी जोशीमठ के समीप प्रसिद्ध हाथी पहाड़ के पीछे स्थित चायी गांव के दुर्गम पहाड़ी इलाके में उसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से टूट गया। अचानक लोकेशन गायब होने के बाद से पायलट से लगातार संपर्क साधने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई संपर्क स्थापित नहीं हो सका है। पैसेंजर मैनिफेस्ट के अनुसार, हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे। इनमें पांच यात्री चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व शामिल हैं, जबकि विमान की कमान पायलट हिमांशु के हाथों में थी। हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों और पायलट की वर्तमान स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया है। घटनास्थल और आसपास के पूरे पर्वतीय क्षेत्र में मौसम बेहद प्रतिकूल बना हुआ है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और घने बादलों के जमावड़े के कारण दृश्यता लगभग शून्य के करीब पहुंच चुकी है। राहत एवं खोजबीन अभियान के लिए दो अन्य हेलीकॉप्टरों को भी मोर्चे पर लगाया गया था, लेकिन खराब मौसम और धुंध के चलते हवाई तलाश में भारी रुकावटें आ रही हैं। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल अब ड्रोन कैमरों और ग्राउंड सर्च टीमों की मदद से बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच बीहड़ पहाड़ियों में मलबे की सटीक लोकेशन तलाश रहे हैं। यूकाडा और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और कारणों की जांच की जा रही है।


संबंधित आलेख: