• Home
  • News
  • Uttarakhand: Allegation of misconduct with women on the Bahadrabad Highway! Four youths in a Delhi-registered car detained; medical examination confirms alcohol consumption.

उत्तराखण्डः बहादराबाद हाईवे पर महिलाओं से अभद्रता का आरोप! दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक हिरासत में, मेडिकल में शराब की पुष्टि

editor
  • Awaaz Desk
  • October 03, 2026 06:10 AM
Uttarakhand: Allegation of misconduct with women on the Bahadrabad Highway! Four youths in a Delhi-registered car detained; medical examination confirms alcohol consumption.

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवकों ने महिलाओं की गाड़ी का पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश करते हुए उनके साथ बदसलूकी की। महिलाओं का आरोप है कि कार सवार युवक नशे की हालत में थे। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद हरिद्वार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, महिलाओं का एक समूह अपनी कार से हाईवे के रास्ते यात्रा कर रहा था। बताया गया कि समूह में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है कि बहादराबाद टोल से पहले दिल्ली नंबर की एक कार में सवार चार युवक महिलाओं की गाड़ी के पीछे लग गए। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद युवकों ने महिलाओं की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि कार सवार युवकों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। महिलाओं के विरोध के बावजूद युवक बदतमीजी करते रहे। इससे हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना के दौरान महिलाओं ने कार सवार युवकों की वीडियो बना ली। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में कार सवार युवकों और महिलाओं के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। वीडियो में महिलाएं युवकों पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाती हुई भी नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी मामले को गंभीरता से लिया। बताया गया कि कुछ लोगों ने हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को फोन कर घटना की जानकारी दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस तत्काल हरकत में आई और बहादराबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी से टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने दिल्ली नंबर की सफेद रंग की वैगनआर कार को रुकवाया। कार में चार युवक सवार थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। कार का नंबर DL3CBC9887 बताया गया है। इसके बाद महिलाओं की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने चारों युवकों का मेडिकल कराया। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच में शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने वाहन को सीज करने के साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी चालान की कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवकों ने कार्रवाई के दौरान अपने कृत्य के लिए माफी मांगी। बताया गया कि युवकों ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया।


संबंधित आलेख: