• Home
  • News
  • Uttarakhand: Allegations of harassment of a female officer at the Secretariat! UPNL employee begins harassing her via phone calls immediately after being blocked on Facebook.

उत्तराखंडः सचिवालय में महिला अधिकारी को परेशान करने का आरोप! फेसबुक पर ब्लॉक होते ही फोन कर परेशान करने लगा उपनलकर्मी

editor
  • Awaaz Desk
  • October 22, 2026 07:10 AM
Uttarakhand: Allegations of harassment of a female officer at the Secretariat! UPNL employee begins harassing her via phone calls immediately after being blocked on Facebook.

देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग में तैनात एक महिला अनुभाग अधिकारी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप सहकारिता विभाग में तैनात एक उपनल कर्मचारी पर लगा है। महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित कर्मचारी कुछ समय पहले फेसबुक के माध्यम से उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। इससे परेशान होकर उन्होंने उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद भी आरोपी ने कथित तौर पर उनके मोबाइल नंबर पर बार.बार फोन करना शुरू कर दिया। लगातार फोन आने से परेशान महिला अधिकारी ने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद कर्मचारी की ओर से उन्हें परेशान किया जाता रहा। शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के कार्यालय पहुंच गया। यहां उसने महिला अनुभाग अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।

महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि कर्मचारी ने उन्हें देख लेने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गईं और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी। महिला अधिकारी का यह भी आरोप है कि कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। वह दोपहिया वाहन से घर से कार्यालय आती-जाती हैं। ऐसे में उन्हें आशंका है कि आरोपी भविष्य में भी उनके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। महिला अधिकारी के अनुसार, कार्यालय में मौजूद सहकर्मियों ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो वह सचिवालय परिसर से बाहर भाग गया। इसके बाद सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया। शिकायत में दावा किया गया है कि इस दौरान लोगों ने आरोपी की पिटाई भी की। बताया गया है कि कर्मचारी को सचिवालय में उसकी तैनाती से भी हटा दिया गया है। नगर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


संबंधित आलेख: