उत्तराखण्डः त्योहारों को लेकर अलर्ट हुई अल्मोड़ा पुलिस! कोतवाली में हुई बैठक, एसडीएम और सीओ ने दिए अहम निर्देश
अल्मोड़ा। आगामी त्योहारी सीजन को लेकर अल्मोड़ा पुलिस अलर्ट मोड पर आ गयी है। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु त्योहारों को लेकर की गई तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में आज सोमवार को कोतवाली अल्मोड़ा में उजिलाधिकारी सदर जयवर्धन शर्मा की अध्यक्षता व सीओ विमल प्रसाद की उपस्थिति में दशहरा पर्व व महर्षि वाल्मीकि जयंती के दृष्टिगत बैठक की।
इस दौरान दोनों पर्वो को शांति एवं कानून व्यवस्था के साथ सकुशल सम्पन्न कराये जाने के लिए दशहरा कमेटी के अध्यक्ष व पदाधिकारी, पुतला कमेटी के अध्यक्ष, दुर्गा कमेटी के अध्यक्ष व पदाधिकारी, वाल्मीकि कमेटी के अध्यक्ष व पदाधिकारी, केबल ऑपरेटर, नगर पालिका व विद्युत विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में आगामी त्योहारों को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु विचार-विमर्श किया गया। उपजिलाधिकारी द्वारा दशहरा पुतला कमेटी को निर्देशित किया गया कि दशहरा पुतलों में डीजे आदि ध्वनि यंत्रों का प्रयोग नहीं किया जाएगा और पुतलों का निर्धारित मार्ग पर समय से भ्रमण कराने के उपरांत समय से ही उनका दहन किया जाएगा। सीओ द्वारा दशहरा कमेटी को बताया कि दशहरा पुतला भ्रमण, दहन कार्यक्रम के दौरान कोई भी नशे का सेवन कर उक्त कार्यक्रम में शामिल नही होगा।
दशहरा पर्व को सकुशल संपन्न कराने हेतु मौजूदा व्यक्तियों से सहयोग की अपील की गई। इसके साथ ही आगामी महर्षि वाल्मीकि जयंती के संबंध में भी उपस्थित अध्यक्ष व पदाधिकारी को भी अवगत कराया गया कि सूर्यास्त के उपरांत कोई भी ध्वनि यन्त्र का प्रयोग नहीं करेगा। समय से झांकियां प्रारंभ की जाए तथा समय से ही कार्यक्रम का समापन किया जाय। उक्त पर्वो को आपसी भाईचारा रखते हुए शांति पूर्वक व सामाजिक सौहार्द के साथ मनाये जाने की अपील की गयी। गोष्ठी के दौरान प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अरुण कुमार, व.उ.नि. सतीश चन्द्र कापड़ी, बिशन लाल, दिनेश परिहार, कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे।