उत्तराखण्डः कांग्रेस में नहीं थम रही नाराजगी! अब प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप हुए खफा, हाईकमान को लिखा पत्र
देहरादून। नगर निकाय चुनाव के एन वक्त पर कांग्रेस में नाराजगी नहीं थम रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में नाम शामिल न करने पर प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप खफा हैं। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा को पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वफादार कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए। यही कारण है कि पार्टी में कई सालों से काम कर रहे नेता अपमान महसूस कर दूसरे दलों में जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है उसमें पार्टी के लिए समर्पित नेताओं की अनदेखी की गई है। वहीं इस मामले पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का कहना है कि यह बात बिल्कुल गलत है कि उनकी अनदेखी की जा रही है, उनको पूरे गढ़वाल मंडल की जिम्मेदारी दी जा रही है। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष सेवादल हेमा पुरोहित एवं भागीरथ भट्ट को गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।