उत्तराखण्डः राजधानी में एक और मर्डर! जिम से बाहर निकल रहे युवक को मारी गोली, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
देहरादून। राजधानी देहरादून में बेखौफ बदमाशों ने एक और हत्याकाण्ड को अंजाम दिया है। यहां आज शुक्रवार, 13 फरवरी को जिम के बाहर एक युवक को बदमाशों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से जहां इलाके में सनसनी फैली हुई है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बता दें कि अभी हाल ही में देहरादून में एक व्यक्ति को सरेराह गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी, जिसका खुलासा देर शाम पुलिस ने किया था। आज की वारदात राजपुर रोड सिल्वर सिटी कंपलेक्स के पास हुई। पुलिस के मुताबिक विक्रम सिंह नाम का ये शख्स जिम से बाहर आ रहा था तभी उसको गोली मारी गई। उसको तुरंत अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक सहस्त्रधारा रोड निवासी विक्रम सिंह जिम में फिटनेस करके बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें तीन गोलियां मार दीं। सूचना पर एसएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर हैं। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच आगे बढ़ा रही है। बता दें कि राजधानी देहरादून में 16 दिनों के भीतर 5 बड़ी वारदातें हुई हैं। जिनमें 29 जनवरी को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या, 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या, 2 फरवरी को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या, 11 फरवरी को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या और आज 13 फरवरी देहरादून में जिम से निकल रहे युवक की गोली मारकर हत्या हुई है।