उत्तराखण्डः मंगलौर में खनन माफियाओं का दुस्साहस! प्रशासनिक टीम पर किया हमला, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ सरकारी वाहन
रुड़की। मंगलौर में खनन माफियाओं के हौंसले बुलंद हैं। आए दिन खनन माफिया दुस्साहस दिखाते हुए प्रशासनिक टीमों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला मंगलौर थाना क्षेत्र के घोसीपुरा गांव से सामने आया है, यहां अवैध खनन को रोकने गई जिला प्रशासन की टीम पर दबंग खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हालांकि हमले में किसी के चोटिल होने की खबर नहीं है, लेकिन खनन माफियाओं द्वारा सरकारी वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जानकारी देते हुए जिला खान अधिकारी मोहम्मद काजिम रजा ने बताया कि सूचना मिलने पर जिला प्रशासन की टीम मंगलौर थाना क्षेत्र के घोसीपुरा गांव में पहुंची थी। जहां ट्रैक्टर ट्रॉली और लोडर द्वारा अवैध खनन किया जा रहा था। टीम ने जब ट्रैक्टर ट्राली और लोडर को कब्जे में लेकर थाने ले जाने का प्रयास किया तो अवैध खनन करो रहे एक खनन माफिया शहजाद ने लोडर को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया और उसके इशारे पर एक ट्रैक्टर ने जान से मारने की नियत से उनके सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। मोहम्मद काजिम रजा ने बताया कि इस मामले में मंगलौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।