• Home
  • News
  • Uttarakhand: August 8 incident solved! Four accused arrested; juvenile offender also apprehended.

उत्तराखण्डः 8 अगस्त की वारदात का हुआ खुलासा! चार आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा गया

editor
  • Awaaz Desk
  • August 13, 2026 12:08 PM
Uttarakhand: August 8 incident solved! Four accused arrested; juvenile offender also apprehended.

रुद्रपुर। शहर के मलसी क्षेत्र में 8 अगस्त की रात हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से डकैती की घटना से संबंधित 1 लाख 26 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस टीमों का गठन कर जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त रूप से चार टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर सुराग जुटाए। पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त 2026 की रात रुद्रपुर के मलसी क्षेत्र में डकैती की घटना हुई थी। इस मामले में ग्राम मलसी निवासी विनीत पाठक की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 115(2) और 351(2) के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

रामपुर में दी दबिश, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने एक बाल अपचारी को साथ लेकर उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले तक दबिश दी। टीम ग्राम पसियापुर, थाना विलासपुर पहुंची, जहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय प्रिंस उर्फ प्रिंसदीप सिंह, 48 वर्षीय हरपाल सिंह, हरजीत सिंह और 28 वर्षीय सतपाल सिंह के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

1.26 लाख रुपये की नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,26,000 रुपये की चोरी की धनराशि बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब बरामद रकम को मुकदमे से जोड़कर जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: