उत्तराखण्डः वन्यजीव संरक्षण को लेकर नैनीताल में जागरूकता की पहल! स्कूली बच्चों ने निकाली रैली
नैनीताल। देशभर के साथ नैनीताल में भी वन्य प्राणी सप्ताह की शुरुआत हो गई है। वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों और स्कूली बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से नैनीताल में संरक्षण रैली निकाली गई। रैली में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और हाथों में वन्यजीव संरक्षण से जुड़े स्लोगन लेकर लोगों को जागरूक किया। मल्लीताल स्थित फ्लैट्स मैदान से शुरू हुई वन्यजीव संरक्षण रैली मॉल रोड होते हुए तल्लीताल डांठ पहुंची। रैली में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले समूहों ने भी हिस्सा लिया। बच्चों ने हाथों में वन्यजीव संरक्षण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर नारे लगाए और वन्यजीवों के साथ-साथ उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। पूरे वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और उन्हें वन्यजीवों के संरक्षण तथा उनके आवास स्थलों के महत्व की जानकारी दी जाएगी। वन विभाग का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में हो रहे बदलाव के बीच संरक्षण के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान नैनीताल और आसपास के स्कूलों के बच्चों को प्राणी उद्यान का निशुल्क भ्रमण कराया जा रहा है। वन विभाग ने जिले और आसपास के स्कूलों से भी अपील की है कि वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान बच्चे नैनीताल प्राणी उद्यान पहुंचकर वन्यजीवों के बारे में जानकारी हासिल करें और उनके संरक्षण का संदेश आगे बढ़ाएं।