उत्तराखण्डः भूख मिटाने के लिए आबादी क्षेत्र में घुसा भालू! कनस्तर में फंसा सिर, घंटों तक फंसी रही जान
चमोली। उत्तराखण्ड में जंगली जानवर लगातार आबादी क्षेत्रों का रूख कर रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत व्याप्त है। ताजा मामला जोशीमठ से सामने आया है, यहां परसारी गांव में खाने की तलाश में एक भालू का बच्चा आबादी क्षेत्र में घुस गया। एक घर के पास पहुंचने के बाद भालू के बच्चे ने जैसे ही खाने की तलाश में कनस्तर में सिर डाला था उसका सिर फंस गया। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब चार घंटे बाद भालू को कनस्तर से मुक्त कराकर जंगल में छोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर बाद भालू का बच्चा खाने की तलाश में परसारी गांव तक जा पहुंचा। भालू के बच्चे ने कुछ खाने के लिए कनस्तर में मुंह डाला, मगर कनस्तर का मुंह छोटा होने से भालू सिर बाहर नहीं निकल पाया। भालू कनस्तर के साथ ही एक घर की सीढ़ियों तक पहुंच गया। वह कुछ देर तक ऐसे ही घूमता रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने कनस्तर को काटकर भालू के बच्चे को इससे मुक्त कराया और जंगल में छोड़ दिया।