उत्तराखण्डः लक्सर में हुआ लाभार्थी सम्मान सम्मेलन! सीएम धामी ने लाभार्थियों को किया सम्मानित, करोड़ों की विकास योजनाओं की दी सौगात
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर विधानसभा में आयोजित लाभार्थी सम्मान सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। सीएम धामी ने पीएम आवास योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, उज्जवला योजना समेत कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में सीएम धामी के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंच मौजूद पदाधिकारियों ने बसपा और कांग्रेस छोड़कर आए कई कार्यकर्ताओं को भाजपा ज्वाइन कराई। मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने केंद्र और राज्य सरकार की तमाम उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के समाज के हर व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है और यही कारण है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में देश की जनता भारतीय जनता पार्टी का ही साथ देगी।