उत्तराखण्डः हरिद्वार में भेल के संविदा कर्मी ने खुद को मारी गोली! अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत, पुलिस में जुटा पुलिस महकमा
हरिद्वार। हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी नाथ नगर में भेल के संविदा कर्मचारी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कमरे से गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग उसके घर की ओर दौड़ पड़े। परिजन आनन-फानन में उसे हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। जब पूर्वी नाथनगर निवासी विजयंत चौधरी (38 वर्ष) पुत्र जसवंत चौधरी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद के माथे से सटाकर गोली मार ली। जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया और आनन फानन में उसे रानीपुर मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद की। तीन खोखे कारतूस भी बरामद हुए। सीओ निहारिका सेमवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। प्रथम दृष्ट्या लेनदेन की वजह से विज्यंत चौधरी के परेशान चलने की बात सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।