पंतनगरः ध्वस्तीकरण की कार्यवाही का विरोध! कलेक्ट्रेट में पंतनगर वासियों का जबरदस्त प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर। पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की जद में आ रहे लोगों ने किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध करते हुए पुनर्वास की मांग की। उन्होंने डीएम को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की कार्रवाई में सरकारी आवासों, स्कूलों, अस्पताल आ रहे हैं। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों का रोजगार समाप्त हो जाएगा। बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित होंगी। इस क्षेत्र में कई फलदार वृक्ष वर्षों पुराने हैं, जो न केवल पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि लोगों की आजीविका का भी स्रोत हैं। अभी तक सरकार ने प्रभावित लोगों के पुनर्वास और संपत्ति के संरक्षण के लिए कोई सष्ट नीति नहीं बनाई है। विधायक ने डीएम से कहा कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।