उत्तराखण्ड बिग ब्रेकिंगः ओमिक्रोन को लेकर सरकार का बड़ा फैसला! राज्य में भी लगा नाइट कर्फ्यू, रात 11 से सुबह पांच बजे तक पाबंदी
देहरादून। देश-दुनिया में लगातार बढ़ रहे ओमिक्रोन के मामलों को देखते हुए उत्तराखण्ड सरकार ने आज एक बड़ा फैसला लिया है। उत्तराखण्ड में भी अब और राज्यों की तरह नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा। केवल आवश्यक सेवाओं को आवागमन की अनुमति दी जाएगी। देश के साथ ही उत्तराखंड में भी कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। इसी के चलते सरकार ने यहां नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। बता दें कि उत्तराखंड में कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमिक्रोन से संक्रमण का पहला मामला देहरादून में सामने आया है। उत्तराखंड की स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर तृप्ति बहुगुणा ने बताया कि हाल में स्कॉटलैंड से लौटी एक 23 वर्षीया महिला के नमूने की जांच में उसके ओमिक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टर तृप्ति बहुगुणा ने बताया कि देहरादून के कांवली रोड निवासी महिला आठ दिसंबर को स्कॉटलैंड से दिल्ली लौटी थी जहां हवाई अड्डे पर की गयी उसकी आरटी-पीसीआर जांच निगेटिव आयी थी। उसी दिन महिला शाम को कार से अपने माता-पिता के साथ देहरादून पहुंची जिसके बाद 12 दिसंबर को दोबारा की गयी जांच में उसके ओमिक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। कोरोना के खतरे के बीच देश में नए वैरिएंट के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है. देश के 19 राज्यों में अब तक ओमिक्रोन से 578 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ कोरोना की तीसरी लहर की आशंका बढ़ गई है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 27 दिसंबर यानी आज जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक भारत के 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 578 ओमिक्रोन मामले दर्ज किए गए हैं और इनमें से 151 लोग स्वस्थ भी हो गए हैं।