उत्तराखण्ड बिग ब्रेकिंगः ऊधम सिंह नगर पहुंची इनकम टैक्स विभाग की टीम! किच्छा में यादव फूड्स फ्लोर मिल में छापेमारी, लिंक में पढ़ें राजस्थान के मंत्री का क्या है उत्तराखण्ड कनेक्शन
रुद्रपुर। देशभर में आज इनकम टैक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में आईटी की एक टीम उत्तराखण्ड के ऊधम सिंह नगर पहुंची है। बताया जा रहा है कि राजस्थान की गहलोत सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव के किच्छा स्थित घर में छापा पड़ा है। जानकारी के अनुसार आईटी की टीम ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे यादव फूड्स फ्लोर मिल और आवास विकास स्थित उनके घर पर एक साथ छापा मारा। इस दौरान चार पांच वाहनों में पहुंची टीम घर के अंदर कागजातों की जांच कर रही है। बाहर से स्वजनों का कोई संपर्क नहीं है। इसलिए अंदर क्या चल रहा है, फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। बताया जा रहा है कि राज्यमंत्री के कोटपुतली स्थित फ्लोर मिल और घर पर भी छापा पड़ा है। राजेन्द्र यादव के भाई विजय पाल यादव का परिवार फ्लोर मिल का संचालन करता है। आवास विकास कॉलोनी किच्छा निवासी राजेंद्र पाल सिंह यादव राजस्थान के कोटपुतली से विधायक हैं। वहीं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रभारी भी रहे। पहले वह राजस्थान सरकार में जनशक्ति नियोजन व मोटर गैराज स्वतंत्र प्रभार मंत्री थे। बीते साल नवंबर में हाईकमान ने राजस्थान सरकार में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ाते हुए गृह राज्य मंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री बनाया गया।