उत्तराखण्डः ऋषिकेश में बड़ा विवाद! बाइक शोरूम मालिक और पार्षद के बीच मारपीट, बुलानी पड़ी पुलिस
ऋषिकेश। ऋषिकेश से एक बड़ा मामला सामने आया है, यहां सर्वहारा नगर स्थित एक बाइक शोरूम के मालिक और पार्षद के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान भीड़ ने बाइक शोरूम पर पथराव कर दिया। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले में जांच और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं इस विवाद में बाइक शोरूम के शीशे टूट गए और नुकसान हुआ। पार्षद ने बाइक शोरूम के मालिक और उसके बेटों पर मारपीट करने का आरोप लगाया और बाइक शोरूम के मालिक ने पार्षद पर बवाल करने का आरोप लगाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत किया। जिसके बाद दोनों पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंच गए। सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान भी पुलिस ले रही है। सर्वहारा नगर के पार्षद वीरपाल ने बताया कि बाइक शोरूम के बाहर अवैध रूप से पार्किंग हो रही थी। जिसकी वजह से ट्रैफिक और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में वह पार्षद होने के नाते वह बाइक शोरूम के मालिक से वार्ता करने के लिए गए। लेकिन मलिक के बेटों ने अचानक बहसबाजी करते हुए हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी।