उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः सैन्यधाम पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह! शहीदों के आंगन की मिट्टी पर अर्पित किए पुष्प, 204 शहीद परिजनों को करेंगे सम्मानित
देहरादून। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज राजधानी दून स्थित सैन्यधाम पहुंच चुके हैं। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट आदि ने उनका स्वागत किया। सैन्यधाम पहुंचने के बाद सबसे पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों के आंगन की मिट्टी पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीदों को नमन किया। बता दें आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सैन्यधाम में शहीदों के परिजनों को सम्मानित करेंगे। जानकारी के अनुसार इस दौरान देहरादून के 204 शहीद परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं सैन्यधाम के शहीद द्वार का नाम सीडीएस जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखा जाएगा। इससे पहले सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा था कि सैन्यधाम के रूप में उत्तराखंड का पांचवां धाम विकसित किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के शहीदों की यादों को संजोकर रखा जाएगा। सैन्यधाम के लिए 1734 शहीदों के आंगन की मिट्टी को लाया गया है। जिसे अमर जवान ज्योति की बुनियाद में लगाया जाएगा। 63 करोड़ की लागत से बनने वाले सैन्यधाम में शहीद जसवंत सिंह और हरभजन सिंह के मंदिर बनाए जाएंगे। धाम में अमर जवान ज्योति, म्यूजियम, थियेटर, गन, टैंक प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगे। मंत्री ने कहा कि 15 नवंबर 2021 को चमोली के स्वाड गांव से शहीद सम्मान यात्रा शुरू की गई थी। जिसका गुनियाल गांव में समापन होगा। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसका शुभारंभ किया था।