उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः अब नैनीताल में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर! कुमाऊं कमिश्नर के आदेश पर बारापत्थर क्षेत्र में हुई ध्वस्तीकरण की सबसे बड़ी कार्यवाही
नैनीताल। यहां बारापत्थर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए जिला प्रशासन ने ध्वस्तीकरण किया। इस दौरान खासे संख्या में प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। उधर प्रशासन की कार्यवाही से अवैध अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। बता दें कि अभी हाल ही में नैनीताल पहुंचे कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया था, जिसके तहत आज यह कार्यवाही की गयी। आज सुबह नगर पालिका, झील विकास प्राधिकरण, बिजली विभाग, राजस्व विभाग और वन विभाग की टीम बारापत्थर क्षेत्र पहुंची, जिसके बाद मजदूरों ने अवैध निर्माण को हटाना शुरू किया। मौके पर बुलडोजर की भी मदद ली गयी। टिफिन टॉप और लैंड्स एंड जाने वाले रास्ते पर बने अवैध घोड़ा स्टैंड के टीन शेड को जेसीबी की मदद से हटाया गया। हांलाकि इससे पहले घोड़ा संचालकों ने अपना सामान निकाल लिया था। नैनीताल में अतिक्रमण का अब तक कि ये सबसे बड़ा ध्वस्तीकरण माना जा रहा है। प्रशासन ने बताया कि घोड़ा संचालकों को पहले भी चेतावनी दी गयी थी लेकिन किसी ने भी जिला प्रशासन की बात नही मानी। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी ने भी प्रशासन की कार्रवाई का विरोध नही किया। इस मौके पर एसडीएम प्रतीक जैन, प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय, ऑफिसर संदीप नेगी आदि मौजूद रहे।
