उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः बजट सत्र में विपक्ष का जोरदार हंगामा! प्रश्नकाल में विपक्ष के सवालों पर घिरे कैबिनेट मंत्री महाराज, बाहर धरने पर बैठे कांग्रेसी
देहरादून। आज उत्तराखण्ड में विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है। इस दौरान विपक्ष के नेता जोरदार हंगामा करते हुए सदन के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के प्रश्नों पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज घिर गए। विपक्ष का आरोप था कि प्रश्नों का तथ्यपरक जवाब नहीं दिया जा रहा है। यह सदन और जनता का अपमान है।
आरोप था कि सदस्यों को प्रश्नों के उत्तर भी समय से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। बाद में पीठ ने विभागों को निर्देश दिए कि सदस्यों को एक दिन पहले उनके प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। शून्यकाल में किच्छा से विधायक तिलकराज बेहड़ ने नियम 58 के तहत उनके क्षेत्र में लगने वाले हाट में पुलिस कर्मियों की तैनाती न होने और इस बारे में किच्छा के कोतवाल द्वारा अभद्रता का मामला उठाया।
इस मामले में विपक्ष के सदस्य पीठ के सामने आकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे को देखते हुए अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी। वहीं सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से शिष्टाचार भेंट की।