उत्तराखंड ब्रेकिंग:पठानकोट हमले में शामिल आतंकियों का नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस,पंतनगर से पकड़े गए चार आरोपियों से पूछताछ जारी
पठानकोट हमले के आतंकवादियों को पनाह देने के आरोपी चार युवकों को जेल भेज दिया गया है। अब चारों युवकों से जुड़े अन्य लोगों को तलाशने में एसटीएफ व पुलिस टीम जुट गई है जिनके माध्यम से आतंकियों पर नकेल कसने की कोशिश की जा रही है।
पठानकोट के आर्मी कैंट पर नवंबर 2021 में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें पुलिस ने बीती 10 जनवरी को छह आतंकियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पंजाब पुलिस ने छह हैंड ग्रेनेड, नौ पिस्टल, एक राइफल, मैगजीन व कारतूस बरामद किए थे।
डीजीपी भावरा के अनुसार युवकों से पूछताछ में आतंकी हमले की बात सामने आई है। इस हमले में गैंगेस्टर सुखमीत पाल सिंह भिखारीवाल व सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख के भी शामिल होने का खुलासा हुआ जिसमें ये दोनों गैंगेस्टर फरार थे।
सुखप्रीत उर्फ सुख के ऊधमसिंह नगर में होने की भनक एसटीएफ को लगी। लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही सुखमीत फरार हो गया जिसमें अब पुलिस ने सुख को पनाह देने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है जो पठानकोट से भी नाता रखते हैं।
गौरतलब है कि माह नवम्बर 2021 में पंजाब के पठानकोट व नवांशहर व लुधियाना में बम ब्लास्ट की घटनाएं हुयी थी, जिसमें पंजाब पुलिस द्वारा पूर्व में 06 लोगों की गिरफ्तारी की गयी है तथा एक आरोपी सुखप्रीत उर्फ सुख के उत्तराखण्ड में स
शरण लिये जाने की विश्वसनीय गोपनीय सूचना उत्तराखण्ड एस0टी0एफ0 को मिली थी, जिस पर उत्तराखण्ड एस0टी0एफ0 की विभिन्न टीमों द्वारा पिछले करीब 03 दिनों से लगातार कार्य करते हुए तथा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने एवं गोपनीय रूप से जानकारी करने के उपरान्त 04 लोगों शमशेर सिंह उर्फ शेरा उर्फ साबी व उसके भाई हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, अजमेर सिंह उर्फ लाडी मण्ड तथा गुरपाल सिंह उर्फ गुर्री ढिल्लों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये चारों लोगों में से शमशेर उर्फ शेरा के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर बरामद की गयी है तथा इनके द्वारा इस अपराध में इस्तेमाल की जा रही कार फोर्ड फिगो को भी बरामद किया गया है। जिनके द्वारा पंजाब में आतंकी बम ब्लास्ट के आरोपी सुखप्रीत उर्फ सुख को अपने घर में शरण देकर और लाने ले जाने के लिये उपरोक्त कार को प्रयोग में लाया जा रहा था। पकड़े गये चारों व्यक्ति कनाडा ऑस्ट्रेलिया, सरबिया से इन्टरनेट/व्हाट्सअप कॉल से जुड़े थे, और जिन्हें इन्ही कॉलो के माध्यम से विदेशों से संचालित किया जा रहा था। फरार आरोपी सुखप्रीत उर्फ सुख के भी इन्टरनेशनल कॉल्स के सम्पर्क में होने की पुष्टि हुयी है। पकड़े गये चारों व्यक्तियों के खिलाफ आतंकी सुखप्रीत उर्फ सुखी को अपने घर में संश्रय (शरण) देना और मदद करना तथा साजिश के तहत safe hideout पर भेजने की व्यवस्था कराने के अपराध के सम्बन्ध में एक मुकदमा FIR NO 16/2022 धारा 19 UNLAWFULL ACTIVITIES (PREVENTION) ACT 1967 व धारा 25 ARMS ACT, थाना पन्तनगर, जिला ऊधम सिंह नगर में एस0टी0एफ0 द्वारा दर्ज कराया गया है।
फिलहाल चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, लेकिन शीघ्र ही इन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी। वहीं अन्य नेटवर्क को भी पुलिस खंगालने में लगी हुई है। डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि गोपनीय तरीके से मामले की जांच की जा रही है।