उत्तराखंड ब्रेकिंग: तेजी से धधक रहे जंगल! एक दिन में 32 स्थानों पर लगी आग, तमाम प्रयासों के बावजूद काबू पाना चुनौती
उत्तराखंड के जंगल एक बार फिर धधकने लगे हैं। प्रदेश में कई जगहों पर जंगलों को आग अपनी चपेट में ले रखा है। उधर वन विभाग के लिए आग बुझाना चुनौती बन गया है। ग्रामीणों की मदद से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। बीते एक दिन में 32 स्थानों पर जंगल की आग धधक उठी। जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 32.46 हेक्टेयर वन क्षेत्र को आग से नुकसान पहुंचा है। इसी के साथ फायर सीजन में 15 फरवरी से अब तक कुल 272 घटनाओं में 332.82 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। वन विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद आग पर काबू पाना चुनौती बना हुआ है। वन मुख्यालय ने सभी वन प्रभाग को फायर वाचर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आग पर नियंत्रण पाया जा सके। वहीं, तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही राज्यभर में जंगलों के धधकने का सिलसिला तेज हो चला है।
नैनीताल और अल्मोड़ा समेत तमाम जनपदों में अग्निकांड की खबर आ रही है। अग्निकांड से जहां वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है वहीं जंगलों में रह रहे पशु-पक्षी भी आग की चपेट में आ रहे है।