उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः शीघ्र भरे जायेंगे पंचायतों में रिक्त पड़े पद! पंचायत राज मंत्री महाराज ने दिए निर्देश, नेटवर्किंग सुविधा से भी जुड़ेंगी ग्राम पंचायतें
देहरादून। पंचायतों में रिक्त पड़े पद शीघ्र भरे जा सकते हैं, इसको लेकर पंचायत राज मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को निर्देशित किया है। इसको लेकर मंत्री महाराज ने निदेशालय पंचायतीराज में विभागीय अधिकारियांे के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अन्य मुद्दों पर भी गहनता से बात की। बैठक में तय हुआ कि कि पंचायतों में आदर्श स्कूल, अस्पताल एवं मूलभूत सुविधाओं के ढांचे को विकसित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को नेटवर्किंग सुविधा से जोड़ने के भी निर्देश दिए हैं। महाराज ने अफसरों को योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए रोडमैप तैयार करने को कहा है। उन्होंने सभी जिलों के जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से त्रिस्तरीय पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर चर्चा की।