उत्तराखण्ड ब्रेकिंगः राजभवन में 8 मार्च से होगा वसंतोत्सव का भव्य आगाज! प्रतिभागियों को मिलेगा अवसर
देहरादून। आगामी आठ मार्च को उत्तराखण्ड राजभवन में वसंतोत्सव का भव्य आगाज होगा। इस दौरान कट फ्लावर, पॉटेड प्लान्टस प्रबन्धन, लूज फ्लावर प्रबन्धन, पुष्प के अतिरिक्त पॉटेड प्लान्टस, कैक्टस एवं सकुलेन्ट्स, हैंगिंग पॉटस, फूलों के गमले, ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी, ताजे पुष्प दलों की रंगोली, पुष्पों की प्रतियोगिता, लॉन, 05 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा जो मुख्य आकर्षण का केन्द्र होंगे। आज राजभवन में मीडिया से मुखातिब होते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने बताया कि राज्य गठन से पूर्व प्रदेश में मात्र 150 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पुष्प उत्पादन होता था, जो वर्तमान में बढ़कर 1609.93 हेक्टेयर हो गया है। बताया कि इसमें गुलाब, गेंदा, रजनीगंधा के अतिरिक्त कटफ्लॉवर के रूप में जरबेरा, कारनेशन, ग्लेडियोलस, लीलियम, गुलदाउदी, आर्किड आदि का प्रमुखता से व्यवसायिक उत्पादन किया जा रहा है। इस दौरान सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम तथा निदेशक उद्यान डॉ. एच एस बवेजा आदि मौजूद थे।