उत्तराखंड बजट सत्र: भराड़ीसैंण में कल से शुरू होगा घमासान, 600 से ज्यादा सवालों के साथ सरकार को घेरेगा विपक्ष
गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण एक बार फिर प्रदेश की राजनीति का केंद्र बन गई है। सोमवार से शुरू होने वाले महत्वपूर्ण बजट सत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों समेत शासन के उच्चाधिकारी रविवार दोपहर बाद भराड़ीसैंण पहुँच गए हैं। विधानसभा भवन में सत्र के संचालन के लिए सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
बजट सत्र का आगाज़ सोमवार को भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगा। सत्र के पहले दिन ही कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सदन के आगामी दिनों के संचालन का एजेंडा और कार्यसूची तय की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश सरकार आगामी 10 मार्च को वित्तीय वर्ष का मुख्य बजट सदन के पटल पर पेश कर सकती है। इस बार का बजट सत्र काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। पक्ष और विपक्ष के विधायकों की ओर से अब तक 600 से अधिक प्रश्न दर्ज कराए गए हैं, जो सदन की कार्यवाही के दौरान गूँजेंगे। विपक्ष ने बेरोजगारी, महंगाई और भू-कानून जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इसके अलावा, सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक, अध्यादेश और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखने की तैयारी में है। सत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि सत्र के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे। भराड़ीसैंण की ऊँचाइयों पर स्थित विधानसभा भवन अब अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के विकास और जनहित की योजनाओं का गवाह बनेगा।