• Home
  • News
  • Uttarakhand: Cabinet Minister Ram Singh Kaida takes major action; gross negligence uncovered during a surprise inspection at the Jaspur Municipality, with liquor bottles seized.

उत्तराखण्ड: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का बड़ा एक्शनः जसपुर नगर पालिका में औचक निरीक्षण के दौरान सामने आई बड़ी लापरवाही, शराब की बोतलें बरामद

editor
  • Awaaz Desk
  • June 30, 2026 11:06 AM
Uttarakhand: Cabinet Minister Ram Singh Kaida takes major action; gross negligence uncovered during a surprise inspection at the Jaspur Municipality, with liquor bottles seized.

जसपुर। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने ऊधम सिंह नगर जिले की नगर पालिका परिषद, जसपुर में औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। मंत्री के अचानक पहुंचे निरीक्षण से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि कार्यालय परिसर में शराब की बोतलें और मदिरा सेवन से जुड़ी सामग्री मिलने से मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सबसे पहले कार्यालय के उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच में कई अधिकारी और कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इतना ही नहीं, रिकॉर्ड देखने पर यह भी सामने आया कि कुछ कर्मचारी लगातार कई दिनों से कार्यालय नहीं आ रहे थे। इस पर मंत्री ने अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नगर पालिका के विभिन्न अनुभागों का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी दौरान कार्यालय परिसर में शराब की खाली बोतलें और मदिरा सेवन से संबंधित सामग्री मिलने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। मंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए बनाए गए हैं और ऐसे स्थान पर इस प्रकार की गतिविधियां न केवल सरकारी गरिमा के खिलाफ हैं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों के संबंध में तत्काल नियमानुसार जांच कराई जाए तथा जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ बिना किसी देरी के विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की पहली जिम्मेदारी अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जनता की सेवा करना है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नगर पालिका के अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। 


संबंधित आलेख: