उत्तराखण्डः बैठक के बीच बिगड़ी कैबिनेट मंत्री सुधोध उनियाल की तबीयत! पहुंचे अस्पताल, सीएम धामी ने जाना हाल
देहरादून। बुधवार को देहरादून सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में चल रही बैठक के दौरान उस समय हलचल देखने को मिली, जब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की तबीयत अचानक बिगड़ गयी। इस बीच वह कैबिनेट की बैठक बीच में ही छोड़ बाहर निकलकर अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाई। सुबोध उनियाल के बाहर निकलते ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी बाहर आ गए। उन्होंने बताया कि मंत्री सुबोध उनियाल की तबीयत ठीक नहीं लग रही है, जिसके चलते वो कैबिनेट बैठक छोड़कर जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समय से मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान अचानक उनको सफोकेशन की दिक्कत होने लगी। जब उनसे बैठा नहीं गया तो वो कैबिनेट की बैठक छोड़कर तत्काल वहां से रवाना हो गए। मंत्री सुबोध उनियाल सचिवालय से निकलने के बाद सीधा दून अस्पताल पहुंचे, जहां उनका चेकअप किया गया। सुबोध उनियाल के पीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल को थोड़ी दिक्कत महसूस हो रही थी, जिसके चलते वह कैबिनेट बैठक छोड़कर हॉस्पिटल चले गए थे। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री उनियाल का हाल जाना।