• Home
  • News
  • Uttarakhand: Case involving the public disclosure of Ankita’s chats! Parents, outraged by the lack of action against Vinod Arya, begin a sit-in protest at Gandhi Park.

उत्तराखण्डः अंकिता की चैट सार्वजनिक करने का मामला! विनोद आर्य पर कार्रवाई न होने से भड़के माता-पिता, गांधी पार्क में धरना शुरू

editor
  • Awaaz Desk
  • November 25, 2026 09:11 AM
Uttarakhand: Case involving the public disclosure of Ankita’s chats! Parents, outraged by the lack of action against Vinod Arya, begin a sit-in protest at Gandhi Park.

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित अंकिता के माता-पिता बुधवार को राजधानी के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे बैठकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया और न्याय की गुहार लगाई। अंकिता के परिजनों ने कुछ दिन पूर्व राजपुर थाने में विनोद आर्य के खिलाफ एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में गंभीर आरोप लगाया गया था कि विनोद आर्य ने हाल ही में अंकिता और उसके एक मित्र के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए हैं। परिजनों का कहना है कि यह उनकी बेटी की छवि धूमिल करने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास है। माता-पिता का आरोप है कि थाने में तहरीर दिए जाने के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। पुलिस की इसी उदासीनता से नाराज होकर उन्होंने गांधी पार्क में धरना शुरू करने का फैसला लिया। दूसरी ओर, अंकिता के माता-पिता के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गांधी पार्क पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर बैठकर पीड़ित परिवार के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की और सरकार व पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
 


संबंधित आलेख: