उत्तराखण्डः जगतगुरु आदिशंकराचार्य पर टिप्पणी करने का मामला! कांग्रेस में रोष, प्रदेश अध्यक्ष भुल्लर ने भाजपा को घेरा
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता द्वारा जगतगुरु आदिशंकराचार्य के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी किए जाने पर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रवक्ता को जगतगुरु आदि शंकराचार्य से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में बनाये जा रहे केदारनाथ धाम समेत अन्य आस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने रुद्रपुर में प्रेस वार्ता करते हुए जगतगुरु आदि शंकराचार्य के खिलाफ भाजपा के प्रवक्ता द्वारा की गई टिप्पणी पर सख्त नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रवक्ता को तत्काल जगतगुरु से माफी मांगनी चाहिए, जिसे किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेक कर सत्ता में काबिज हुई है और आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन के रक्षक, जगतगुरु आदि शंकराचार्य पर जो टिप्पणी की गई है उससे इनकी मानसिकता जाहिर होती है की इनकी मानसिकता क्या है। साथ ही उन्होंने मंदिर से भारी मात्रा में सोना गायब होने समेत दिल्ली में केदारनाथ मंदिर बनाए जाने पर भी सरकार को घेरा।