उत्तराखण्डः नाबालिग बेटी के यौन शोषण का मामला! पूर्व भाजपा महिला नेत्री और प्रेमी को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया, एसआईटी करेगी पूछताछ
हरिद्वार। हरिद्वार से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां नाबालिग बेटी के यौन शोषण मामले में पूर्व भाजपा नेत्री और उसके प्रेमी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। कोर्ट की मंजूरी के बाद पुलिस ने महिला नेत्री और आरोपी प्रेमी सुमित पटवाल को जिला कारागार से निकालकर रानीपुर कोतवाली लेकर पुलिस पहुंची। एसआईटी की टीम दोनों से गहन पूछताछ करेगी। मथुरा और आगरा ले जाकर डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जाएंगे। महिला ने पुलिस रिमांड से पहले पति पर आरोप लगाया था कि मुझे फंसाया जा रहा है। मामला प्रॉपर्टी से जुड़ा है। बता दें कि पिछले दिनों भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रही एक महिला नेता पर उसके पति ने रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए नाबालिग बेटी का अपने मित्र व उसके दोस्त से यौन शोषण कराने का आरोप लगाया था। मामला सामने आने के बाद भाजपा ने महिला नेता को पार्टी से निकाल दिया था। जिसके बाद पुलिस मुख्यालय के आदेश पर एसपी सिटी पंकज गैरोला की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया गया है। टीम में सीओ लक्सर नताशा सिंह सहित कई अन्य अनुभवी अधिकारी और कर्मचारी शामिल किए गए हैं।