• Home
  • News
  • Uttarakhand: Case registered at Rajpur police station in connection with Kangana Ranaut's viral video; search intensified for those who shared the video with a fake caption.

उत्तराखण्डः कंगना रनौत के वायरल वीडियो मामले में राजपुर थाने में केस दर्ज!फर्जी कैप्शन वाला वीडियो शेयर करने वालों की तलाश तेज

editor
  • Awaaz Desk
  • November 16, 2026 09:11 AM
Uttarakhand: Case registered at Rajpur police station in connection with Kangana Ranaut's viral video; search intensified for those who shared the video with a fake caption.

देहरादून। भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक तथ्यों के साथ प्रसारित करना कुछ यूजर्स को भारी पड़ सकता है। वीडियो को फर्जी कैप्शन के जरिए वायरल कर सांसद की छवि धूमिल करने के मामले में देहरादून के राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट धारकों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने 16 नवंबर को राजपुर थाने में एक लिखित तहरीर दी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने का एक पुराना वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल किया जा रहा है। कुछ अज्ञात लोगों द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया आईडी से इस वीडियो को तोड़-मरोड़ कर और भ्रामक रील व पोस्ट के माध्यम से साझा किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस वीडियो के जरिए यह झूठा दावा प्रसारित किया जा रहा है कि सांसद कंगना रनौत ने बीते 29 अक्टूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था। नेहा शर्मा ने कहा कि एक पवित्र धार्मिक परंपरा और मंदिर में की गई सामान्य पूजा को गलत व मनगढ़ंत संदर्भ में पेश कर न केवल सांसद की गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है, बल्कि इससे आम जनमानस की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। राजपुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। देहरादून के एसएसपी के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण की विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। पुलिस की साइबर टीम और जांच अधिकारी उन सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स और आईडी का विवरण जुटा रहे हैं, जहां से यह भ्रामक कंटेंट अपलोड या शेयर किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की जल्द पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


संबंधित आलेख: