उत्तराखण्डः पहाड़ों पर आफत बनकर बरस रहे मेघ! गोपेश्वर में सड़क पर गिरा बोल्डर, अफसरों के अवकाश पर तीन माह तक रोक
देहरादून। उत्तराखण्ड में बारिश ने अपना कहर बरसाना शुरू कर दिया है। एक तरफ जहां भूस्खलन से प्रदेश में दर्जनों की संख्या में सड़कें बंद हो गयी हैं वहीं दूसरी तरफ अलग-अलग जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और अन्य हादसों में कई लोगों की जान जाने की खबरें भी सामने आ रही हैं। बारिश के चलते लगातार जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है और मार्ग बाधित होने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर के कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले बाईपास मार्ग पर आज सुबह बोल्डर आने से सड़क बाधित हो गई है। उधर नई टिहरी में देर रात से लगातार बारिश हो रही है। हरिद्वार में मौसम में भी मौसम बदला है। सुबह 3 बजे से हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इससे पहले विगत दिवस केदारनाथ यात्रियों को लेकर लौट रहे वाहन पर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिर गया। इसमें एक महिला यात्री की मौत हो गई जबकि 10 यात्री घायल हुए हैं। वहीं बागेश्वर के कपकोट में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत होने की खबर है।
उधर मानसून सीजन को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अफसरों के अवकाश पर रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विगत दिवस सचिवालय में आपदा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि आपदा राहत एवं बचाव के काम एक दूसरे पर टालने के बजाय आपसी समन्वय से किया जाए।