उत्तराखण्डः चमोली में आपदा प्रभावितों से मिले सीएम धामी! गले लगाकर दिया भरोसा, मृतकों के परिजनों को दिए पांच-पांच लाख के चेक
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शनिवार को चमोली के नंदानगर में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नुकसान का जायजा लते हुए आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सीएम धामी ने कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राहत कार्यो की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुक़सान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए। इसी के साथ सीएम धामी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता राशि के चेक भी प्रदान किये। मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी गांव का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से नुकसान एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने आपदा से हुए नुकसान, राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। अब तक 12 घायल व्यक्तियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है, जिनमें से 01 घायल व्यक्ति को एम्स ऋषिकेश और 11 घायलों को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया। कुंतरी लगा फाली, सरपाणी, धुर्मा, सेरा और मोख में लगभग 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और 15 गौशालाएं भी नष्ट हुई हैं।