• Home
  • News
  • Uttarakhand: Congress stages a dual protest over the 'purification' controversy—holding a sit-in at Buddha Park and expressing outrage by spinning the *charkha*.

उत्तराखण्डः शुद्धिकरण विवाद में कांग्रेस का दोहरा विरोध प्रदर्शन! बुद्ध पार्क में धरना-चरखा चलाकर जताया आक्रोश

editor
  • Awaaz Desk
  • September 03, 2026 08:09 AM
Uttarakhand: Congress stages a dual protest over the 'purification' controversy—holding a sit-in at Buddha Park and expressing outrage by spinning the *charkha*.

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद शुरू हुआ शुद्धीकरण विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों के विरुद्ध कार्रवाई न होने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में धरना देकर विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह का रास्ता अपनाते हुए चरखे से सूत भी काता। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शुद्धीकरण की घटना को लेकर शिकायतें किए जाने के बावजूद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से प्राथमिकी दर्ज कर दी। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक भेदभाव बताते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि किसी घटना से किसी वर्ग के सम्मान और भावनाओं को ठेस पहुंचती है तो प्रशासन को निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। धरने में महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, राधा आर्य, हेमंत बगड़वाल, संजय किरौला, शंकर जोशी समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तीन दिन से आमरण अनशन पर युवक
इधर, मुक्तेश्वर के सलियाकोट निवासी प्रवीण आर्य पिछले तीन दिनों से बुद्ध पार्क में आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनका कहना है कि शुद्धीकरण कार्यक्रम के बाद सामाजिक भेदभाव और दलित सम्मान से जुड़े सवाल सामने आए हैं। उनका आरोप है कि शिकायतें दिए जाने के बावजूद पुलिस संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रवीण आर्य ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मशाल जुलूस निकालकर कोतवाली पहुंचे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता
इससे एक दिन पहले बुधवार शाम को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने और रामलीला मैदान में हुए शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मशाल जुलूस निकालते हुए कोतवाली पहुंचे। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ता तिकोनिया से मशाल जुलूस लेकर कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं से धरना समाप्त कर वहां से हटने को कहा, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई। स्थिति बढ़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाना शुरू किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और छात्र नेता मेहुल साह को हिरासत में लिया। कोतवाल विजय मेहता के अनुसार दोनों के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई।


संबंधित आलेख: