उत्तराखण्डः 30 सितंबर को हल्द्वानी में गरजेंगे कांग्रेसी! विशाल जनाक्रोश रैली निकालने की तैयारी, दिग्गज नेता होंगे शामिल
हल्द्वानी। आगामी 30 सितंबर को हल्द्वानी में कांग्रेस की विशाल जनाक्रोश रैली निकलेगी, जिसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। खबरों के मुताबिक इस रैली में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कारन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रीतम सिंह के अलावा गणेश गोदयाल सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं। इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार और अधिकारी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। कुमाऊं मंडल में पिछले दिनों हुई भारी आपदा के चलते भारी नुकसान पहुंचा है। अभी भी कई जगह पर सड़कें बंद हैं। इसके अलावा नैनीताल जनपद में कई ऐसी समस्या है जो पिछले कई सालों से अटकी पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि गौलापुल भ्रष्टाचार का भेंट चढ़ गया। कुमाऊं का एकमात्र अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शो पीस बनकर रह गया है। इसके अलावा आईएसबीटी और रिंग रोड ठंडे बस्ते में चला गया है, लेकिन सरकार और जिला प्रशासन इस पर कोई काम नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि रैली हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान से जिलाधिकारी कैंप तक जाएगी। जहां जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कहा कि हल्द्वानी में जिलाधिकारी की आवास घेराव के बाद अब कांग्रेस अक्टूबर महीने में कुमाऊं कमिश्नर के नैनीताल कार्यालय का जनआक्रोश रैली के माध्यम से घेराव करेगी।