• Home
  • News
  • Uttarakhand: Dehradun is all set for UPL-3! Starting Monday, the excitement of cricket will be accompanied by Bollywood glamour and folk culture as 11 teams vie for the title.

उत्तराखण्डः यूपीएल-3 के लिए तैयार देहरादून! सोमवार से क्रिकेट के रोमांच के साथ दिखेगा बॉलीवुड का ग्लैमर और लोक संस्कृति, 11 टीमें भिड़ेंगी खिताब के लिए

editor
  • Awaaz Desk
  • September 20, 2026 11:09 AM
Uttarakhand: Dehradun is all set for UPL-3! Starting Monday, the excitement of cricket will be accompanied by Bollywood glamour and folk culture as 11 teams vie for the title.

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सीजन का भव्य आगाज होने जा रहा है। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य आकर्षण होंगी, जबकि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के चर्चित लोक गायक अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। एक अक्टूबर तक चलने वाली इस लीग में महिला और पुरुष वर्ग की कुल 11 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। यूपीएल-3 को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। टूर्नामेंट का आगाज महिला वर्ग के मुकाबलों से होगा, जबकि पुरुष वर्ग की क्रिकेट जंग मंगलवार से शुरू होगी। लीग के दौरान दर्शकों को हर दिन दो मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा। सभी टीमें लीग चरण में बेहतर प्रदर्शन कर नॉकआउट दौर में जगह बनाने और फिर खिताब की दौड़ में आगे बढ़ने के लिए जोर लगाएंगी। यूपीएल के तीसरे सीजन का पहला मुकाबला सोमवार सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस की टीमें आमने-सामने होंगी। महिला वर्ग में कुल चार टीमें खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगी। महिला टीमों की कप्तानी भी इस सीजन का खास आकर्षण होगी। मसूरी क्वींस की कमान नंदिनी कश्यप संभालेंगी, जबकि बागेश्वर एरियल की कप्तान प्रेमा रावत होंगी। पिथौरागढ़ हरिकेन्स की जिम्मेदारी राघवी बिष्ट के कंधों पर होगी और देहरादून वॉरियर्स का नेतृत्व श्वेता वर्मा करेंगी। महिला वर्ग का खिताबी मुकाबला 24 सितंबर को खेला जाएगा। महिला वर्ग के मुकाबलों के बाद मंगलवार से पुरुष टीमों के बीच खिताबी जंग शुरू होगी। पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला मंगलवार शाम 7ः30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद बुधवार को पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। पुरुष वर्ग की टीमों में कई चर्चित खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी। पिथौरागढ़ हरिकेन्स के साथ आइकन प्लेयर मयंक मिश्रा जुड़े हैं, जबकि टिहरी टाइटन्स की टीम में तेजस्वी जायसवाल शामिल हैं। ऐसे में लीग के दौरान इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की खास निगाह रहेगी। एक अक्टूबर तक चलने वाली यूपीएल में रोजाना दो मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण में टीमों के बीच अंक तालिका में जगह बनाने की होड़ रहेगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी, जहां से खिताब की असली जंग शुरू होगी। महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर को जबकि पुरुष वर्ग का बहुप्रतीक्षित फाइनल एक अक्टूबर को खेला जाएगा।

लोक गायकों की प्रस्तुतियों से सजेगी उद्घाटन की शाम
यूपीएल-3 का उद्घाटन समारोह केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा। समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। गढ़वाल, कुमाऊं, जौनपुर और जौनसार की सांस्कृतिक विविधता को लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर उतारेंगे। गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कुमाऊं की ओर से इंदर आर्य दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं जौनपुर से मंजू नौटियाल तथा जौनसार से अज्जू तोमर और अजय चौहान अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में लोक रंग भरेंगे।


संबंधित आलेख: