उत्तराखण्डः हरिद्वार पहुंची दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता! लगाई आस्था की डुबकी, हुआ भव्य स्वागत
हरिद्वार। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज रविवार को उत्तराखण्ड के दौरे पर हरिद्वार पहुंची हैं। इस दौरान उन्होंने हर की पैड़ी के पवित्र ब्रह्मकुंड पर गंगा में डुबकी लगाई और मां गंगा से देश-प्रदेश की समृद्धि की कामना की। इस मौके पर हर की पैड़ी पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पति मनीष गुप्ता और बेटे निकुंज के साथ आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद उन्होंने गंगा पूजन कर यमुना को गंगा जैसी निर्मल और पवित्र बनाने का संकल्प दोहराया। गंगा किनारे खड़े होकर रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के 100 दिन विकास और संकल्प के रहे और अब लक्ष्य साफ है कि दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और सुशासित बनाना है। रेखा गुप्ता का कहना था कि 100 दिन का कार्यकाल राजधानी की राजनीति में एक नई शुरुआत की ओर इशारा करता है। उन्होंने हरिद्वार की धरती से पूरे देश को यह संदेश देने की कोशिश की कि जनसेवा और पारदर्शिता के रास्ते पर दिल्ली की सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। हरिद्वार में सीएम रेखा गुप्ता साध्वी ऋतंभरा के नवनिर्मित आश्रम ‘गंगा वात्सल्य’ के लोकार्पण कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। जहां संत समाज और श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके साथ ही उन्होंने जूना अखाड़े के पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज से भी भेंट कर आशीर्वाद लिया।