उत्तराखण्डः केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंची दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता! पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद, व्यवस्थाओं को सराहा
देहरादून। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उत्तराखण्ड के दौरे पर हैं। रविवार को जहां उन्होंने हरिद्वार पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई, वहीं आज सोमवार को वह केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंची। केदारनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने बाबा केदार के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को हरिद्वार दौरे पर पहुंचीं थी। हरिद्वार में उन्होंने सबसे पहले पति के साथ हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगा में स्नान किया। इस दौरान गंगा सभा ने उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता पहली बार हरिद्वार पहुंची थी। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मां गंगा का स्नान मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
वहीं आज सोमवार को उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने मुख्यमंत्री को भगवान केदारनाथ का प्रसाद, रुद्राक्ष माला और विभूति भेंट स्वरूप प्रदान की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सरकार और मंदिर समिति द्वारा तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। कहा कि केदारनाथ धाम की यात्रा अत्यंत भावविभोर करने वाली रही।