उत्तराखण्डः प्रतिबंध के बावजूद रुड़की में जुलूस निकालने का प्रयास! पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप, इलाके में फोर्स तैनात
देहरादून। रुड़की पुलिस प्रशासन में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रतिबंध के बावजूद झबरेड़ा में दोपहर बाद कुछ मुस्लिम युवकों ने एक संगठन के साथ मिलकर जुलूस निकालना शुरू कर दिया। जैसे ही डीजे के साथ जुलूस निकलने की सूचना मिली तो पुलिस के आलाधिकारी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए और तल्काल जुलूस को बंद कराया। इस दौरान पुलिस ने डीजे को भी अपने कब्जे में ले लिया। खबरों की मानें तो इस दौरान नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे एक न चली। पुलिस ने जुलूस निकाल रहे सभी युवकों को दौड़ा दिया। एहतियात के तौर पर पुलिस व पीएसी को तैनात कर दिया गया है। झबरेड़ा कस्बे में करीब 10 वर्ष पूर्व ईद की नमाज के बाद जुलूस निकाला गया था।
जुलूस दौरान छींटाकसी होने के बाद झबरेड़ा में दो पक्षों के बीच बवाल हो गया था। उस दौरान दो दिन तक कस्बे में पीएसी व भारी पुलिस बल तैनात रहा था। जुलूस निकालने का मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। हाईकोर्ट ने जुलूस पर प्रतिबंध लगा दिया था। तीन दिन पहले झबरेड़ा शांति समिति की बैठक हुई थी। इस बैठक में भी त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने व कोई जुलूस आदि न निकाले जाने की बात कही गई थी। शनिवार की सुबह ईदगाह पर शांति पूर्वक नमाज अदा की गई। लेकिन दोपहर बाद कुछ मुस्लिम युवकों ने एक संगठन के साथ मिलकर बिजली घर के पास से डीजे बजाकर जुलूस निकालना शुरु कर दिया। मिनी ट्रक में डीजे के साथ ढोल आदि बजाते हुए जब लोग निकले तो सभी लोग हैरान रह गए।
हिंदू संगठन के अमित आदि ने इसको कोर्ट की अवहेलना बताते हुए पुलिस से शिकायत की। जुलूस की सूचना मिलते ही तुरंत थानाध्यक्ष दीप कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जुलूस रुकवा दिया। इस दौरान पुलिस के साथ मामूली नोंकझोंक भी हुई। लेकिन पुलिस ने सभी युवकों को वहां से खदेड़ दिया। साथ ही मिनी ट्रक व डीजे को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं हिन्दू संगठनों ने प्रतिबंधित जुलूस के विरोध में झबरेड़ा का बाजार बंद करा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है।