• Home
  • News
  • Uttarakhand: Devbhoomi became devotional with Sabad-Kirtan and special Ardaas! Grand city kirtan took place in Nainital

उत्तराखण्डः सबद-कीर्तन और विशेष अरदास से भक्तिमय हुई देवभूमि! नैनीताल में निकला भव्य नगर कीर्तन

editor
  • Awaaz Desk
  • November 24, 2026 11:11 AM
Uttarakhand: Devbhoomi became devotional with Sabad-Kirtan and special Ardaas! Grand city kirtan took place in Nainital

नैनीताल/लालकुआं/मसूरी। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज की 557वीं जयंती (प्रकाश पर्व) मंगलवार को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में अपार श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। सरोवर नगरी नैनीताल से लेकर लालकुआं और पहाड़ों की रानी मसूरी तक सभी गुरुद्वारे रंग-बिरंगी रोशनी व फूलों से सजे नजर आए। सुबह से ही गुरुद्वारों में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां सबद-कीर्तन, गुरुवाणी और विशेष अरदास से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सरोवर नगरी नैनीताल में प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें स्थानीय संगत के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। नगर कीर्तन के माध्यम से आमजन को गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के संदेश से अवगत कराया गया। इस दौरान लखनऊ से पहुंची श्रद्धालु प्रेरणा भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में लोगों ने गुरुद्वारे में मत्था टेका। श्री सिंह सभा नैनीताल के सचिव अमरप्रीत सिंह ने कहा कि प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे का जीवंत प्रतीक है। उधर, लालकुआं क्षेत्र में भी प्रकाश पर्व की धूम रही। गुरुद्वारा साहिब को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वक्ताओं ने गुरु महाराज के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को ईमानदारी से मेहनत करने, मिल-बांटकर खाने और मानव सेवा की सीख दी है। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बिना किसी भेदभाव के सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इसी क्रम में पहाड़ों की रानी मसूरी में भी 557वां प्रकाश पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। लंढौर बाजार, गांधी चौक और लाइब्रेरी चौक स्थित गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। कीर्तन मंडल द्वारा प्रस्तुत मधुर शबदों ने संगत को निहाल कर दिया। गांधी चौक स्थित गुरुद्वारे में शाम सात बजे विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया, जिसके बाद अटूट लंगर बरताया गया और आतिशबाजी भी की गई। 


संबंधित आलेख: