उत्तराखण्डः डॉ. घिल्डियाल बने शिक्षा विभाग में अधिकारी! शैक्षिक संवर्ग से डिप्टी डायरेक्टर पद पर प्रशासनिक संवर्ग में मिला सेवा स्थानांतरण
देहरादून। सरकार ने राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज आईडीपीएल के संस्कृत प्रवक्ता डॉक्टर चंडी प्रसाद घिल्डियाल को शिक्षा विभाग में अधिकारी बना दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर प्रशंसकों में खुशी की लहर है, तमाम चाहने वालों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
जानकारी के अनुसार डॉ. घिल्डियाल को 7 जनवरी 2021 को उत्तराखंड शासन ने वर्तमान शैक्षणिक संवर्ग से प्रशासनिक संवर्ग मे सेवा स्थानांतरण हेतु उन्हें एनओसी प्रदान कर दी थी, परंतु वित्त एवं कार्मिक विभाग द्वारा विधिवत अनुमति न मिलने की वजह से शासन उनकी पोस्टिंग नहीं कर पा रहा था। अब लंबे विचार-विमर्श के बाद उत्तराखंड शासन ने आज उन्हें संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक पद पर सेवा स्थानांतरण दे दिया है।
बता दें कि डॉ. प्रसाद घिल्डियाल का जन्म 5 सितंबर 1978 में पौड़ी गढ़वाल के खिरसू विकासखंड के छोटे से गांव कगडी में हुआ था। उन्होंने पब्लिक इंटर कॉलेज भट्टी सेरा से हाई स्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की और इंटरमीडिएट से पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई श्रीनगर गढ़वाल में की। इसके बाद उन्होंने बनारस काशी हिंदू विश्वविद्यालय से आचार्य की परीक्षा भी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर उत्कृष्ट शोध कार्य भी संपन्न किया।
उत्तराखंड राज्य बनने के बाद शिक्षा विभाग में विशेष अधीनस्थ शिक्षा सेवा के तहत राज्य लोक सेवा आयोग से प्रवक्ता संस्कृत के पद पर चयनित होकर राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल में कार्यभार ग्रहण किया। साल 2015 में माध्यमिक शिक्षा से राज्य के ‘प्रथम गवर्नर अवार्ड’ से उन्हें सम्मानित किया गया। वर्ष 2016 में ‘उत्तराखंड ज्योतिष रत्न’ और वर्ष 2017 में उन्हें ‘उत्तराखंड संस्कृत गौरव’ एवं ‘ज्योतिष विभूषण’ जैसी उपाधियों से विभूषित किया गया।