• Home
  • News
  • Uttarakhand: Drug smugglers emboldened! They attacked police personnel with stones and attempted to flee during a check; Almora Police have arrested three individuals.

उत्तराखण्डः नशा तस्करों के हौसले बुलंद! चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों पर पातल से हमला कर भागने की कोशिश, अल्मोड़ा पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

editor
  • Awaaz Desk
  • October 10, 2026 11:10 AM
Uttarakhand: Drug smugglers emboldened! They attacked police personnel with stones and attempted to flee during a check; Almora Police have arrested three individuals.

अल्मोड़ा। जिले के भतरौजखान में चेकिंग के दौरान गांजा तस्करों ने पुलिस टीम पर धारदार पातल से हमला कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से 25.240 किलोग्राम गांजा और दो धारदार पातल बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, नौ अक्टूबर को भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम जैनल पुल के पूर्वी किनारे जैनल से देघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों को रोकने का इशारा किया गया। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर पातल से हमला कर दिया। हमले में पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए घेराबंदी की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया। चौथा आरोपी जगदीश सिंह निवासी बाजपुर, ऊधम सिंह नगर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्तयार सिंह (52) निवासी थारी, रामनगर, गुरमीत सिंह (36) निवासी गौवरा, बाजपुर और जसवंत सिंह (50) निवासी इटव्वा, बाजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो पिट्ठू बैग और एक साड़ी के थैले में रखा कुल 25.240 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 6.31 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार जसवंत सिंह और गुरमीत सिंह के खिलाफ पहले से भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में भतरौजखान थाने में भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश के साथ गांजे की तस्करी से जुड़े संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
 


संबंधित आलेख: